राजेश अग्रवाल ने गायक प्रवीण लक्की एंड पार्टी को माता की चुनरी देकर किया सम्मानित, 18 अक्टूबर तक प्रतिदिन सजेगी भजन संध्या

जालंधर (गोपाल महेंद्रू): नवरात्रों के पावन अवसर पर अर्बन एस्टेट फेस-1 स्थित श्री गीता मंदिर में आयोजित नवरात्र महोत्सव के अंतर्गत चल रही हर शाम मां के नाम भजन संध्या के तीसरे दिन श्रद्धालुओं ने माता रानी की भेंटों का आनंद लिया। इस दौरान प्रसिद्ध गायक प्रवीण लक्की एंड पार्टी, जालंधर वालों ने गणेश वंदना के साथ भजन संध्या का शुभारंभ किया और अपनी मधुर आवाज में मां भगवती की महिमा का गुणगान किया।
भजन संध्या के दौरान गायक प्रवीण लक्की ने ‘असीं जे फकीर ते फकीरां दी तूं मां ए’, ‘माता रानी ठीक करेगी’, ‘देवी दो आसरा’, ‘जे तूं मेरा कम्म करें मां तां तैनूं मन्नां’, ‘ओखे वेले मांए तूं याद आउंदी’, ‘मेरा लिख सेवादारां विच्च नाम माता’, ‘मैं अज्ज वी मंगना, मैं कल वी मंगना’, ‘मांए बुहे खोल के अंदर आना चाहने हां’, ‘बुहे ते संगतां आ गईयां मांए नी दूरों चल के’, ‘मेरी आन रखना, मेरी शान रखना’ तथा ‘इक्क तू सच्ची सरकार मां त्रिपुरमालिनी’ सहित अनेक मनमोहक भेंटें प्रस्तुत कीं।
माता रानी की भेंटों पर श्रद्धालु देर रात तक भक्ति के रंग में रंगे नजर आए। पूरा मंदिर परिसर मां भगवती के जयकारों से गूंज उठा। भक्तों ने तालियां बजाकर माता रानी की भेंटों का आनंद लिया और मां के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित की।
इससे पहले हरदीप सिंह बंटी, कृष्णा गाबा और हरजोत गाबा ने विधिवत पूजा-अर्चना कर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
18 अक्टूबर तक सजेगी भजन संध्या
श्री गीता मंदिर अर्बन एस्टेट फेस-1 के प्रधान राजेश अग्रवाल ने बताया कि मंदिर में नवरात्र महोत्सव के अंतर्गत प्रतिदिन भव्य भजन संध्याओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी श्रृंखला में 14 अक्टूबर को प्रतीक कपूर, 15 अक्टूबर को कुमार हरीश, 16 अक्टूबर को अशोक शर्मा एवं कुमार आशु शर्मा, 17 अक्टूबर को राजन चंचल तथा 18 अक्टूबर को संजय सांवरिया मां भगवती की महिमा का गुणगान करेंगे।
उन्होंने बताया कि प्रतिदिन रात्रि 8 बजे से 10:30 बजे तक माता की चौकी आयोजित की जाएगी। प्रत्येक चौकी के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए लंगर प्रसाद की विशेष व्यवस्था की गई है। मंदिर कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं, ताकि भक्तजन शांतिपूर्ण एवं भक्तिमय वातावरण में मां भगवती का आशीर्वाद प्राप्त कर सकें।
गायक प्रवीण लक्की एंड पार्टी को किया सम्मानित
भजन संध्या के दौरान श्री गीता मंदिर अर्बन एस्टेट फेस-1 के प्रधान राजेश अग्रवाल ने गायक प्रवीण लक्की एंड पार्टी को माता रानी की चुनरी भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने मां भगवती के चरणों में नमन करते हुए सभी श्रद्धालुओं के सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।
मंदिर में आयोजित हो रही इन भजन संध्याओं के माध्यम से श्रद्धालु मां भगवती की भक्ति में लीन होकर नवरात्र महोत्सव को श्रद्धा और उल्लास के साथ मना रहे हैं।






