सोनम वांगचुक के अनशन के बीच दिल्ली में भारी हंगामा; ‘Akhand Samachar’ की विशेष रिपोर्ट
नई दिल्ली (Akhand Samachar News): दिल्ली के जंतर-मंतर पर लद्दाख की मांगों को लेकर चल रहा आंदोलन अब एक नए और बेहद संवेदनशील मोड़ पर आ गया है। 28 जून से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे प्रसिद्ध जलवायु कार्यकर्ता और शिक्षाविद् सोनम वांगचुक की बिगड़ती हालत को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने शनिवार तड़के उन्हें सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया।
हाई कोर्ट के आदेश पर हुई कार्रवाई पुलिस के अनुसार, यह कदम दिल्ली हाई कोर्ट के उन निर्देशों के तहत उठाया गया है जिसमें वांगचुक के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी और जरूरत पड़ने पर तत्काल इलाज देने की बात कही गई थी। शुक्रवार के मेडिकल बुलेटिन के मुताबिक, लगातार उपवास के कारण वांगचुक का वजन करीब 9 किलोग्राम घटकर महज 56.55 किलोग्राम रह गया था, जिससे डॉक्टरों की चिंताएं बढ़ गई थीं।
कार्रवाई के दौरान हंगामा और पुलिस का संयम तड़के जब पुलिस टीम वांगचुक को लेने पहुंची, तो वहां मौजूद कुछ प्रदर्शनकारियों ने विरोध और हस्तक्षेप करने की कोशिश की, जिससे कुछ समय के लिए हल्का हंगामा हुआ। हालांकि, पुलिस ने स्थिति को शांतिपूर्वक संभाला और पूरे सुरक्षा घेरे में उन्हें अस्पताल पहुंचाया। इसके साथ ही प्रशासन ने जंतर-मंतर पर मौजूद अन्य प्रदर्शनकारियों से धरनास्थल खाली करने की अपील की है।
अभिजीत दीपके का बड़ा ऐलान: अब PM मोदी के इस्तीफे की मांग सोनम वांगचुक को हटाए जाने के बाद आंदोलन की कमान ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक अध्यक्ष अभिजीत दीपके ने संभाल ली है। दीपके ने रविवार से खुद भूख हड़ताल पर बैठने की घोषणा कर दी है। पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाते हुए उन्होंने साफ कहा कि प्रशासन की यह गलतफहमी है कि वांगचुक को हटाने से आंदोलन खत्म हो जाएगा।
दीपके ने एलान किया है कि 20 जुलाई को ‘संसद चलो’ अभियान हर हाल में होगा। उन्होंने देशव्यापी शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अपील करते हुए कहा, “अब तक हमारी मांग सिर्फ केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की थी, लेकिन पुलिस की इस दमनकारी कार्रवाई के बाद अब हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस्तीफे की भी मांग करेंगे।”
वहीं, नई दिल्ली के डीसीपी ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर स्पष्ट किया है कि पूरी कार्रवाई कानून और कोर्ट के आदेश के तहत सिर्फ वांगचुक की जान बचाने और उनके इलाज के लिए की गई है।

