देवी सहाय सनातन धर्म सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रेलवे क्रॉसिंग सोडल के पास संचालित ठेके को लेकर स्कूल प्रबंधन ने प्रशासन से की कार्रवाई की मांग
जालंधर। शहर के देवी सहाय सनातन धर्म सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रेलवे क्रॉसिंग सोडल के समीप संचालित शराब के ठेके को लेकर स्कूल प्रबंधन ने गंभीर चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि शिक्षा के मंदिर के बिल्कुल पास शराब का ठेका होने से विद्यार्थियों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है और उनका शैक्षणिक वातावरण प्रभावित हो रहा है।
स्कूल के प्रिंसिपल संजय शर्मा ने बताया कि इस मामले में स्कूल प्रबंधन की ओर से डिप्टी कमिश्नर (डी.सी.) जालंधर तथा पुलिस कमिश्नर, जालंधर को लिखित शिकायत भेजी गई है। शिकायत में स्कूल के नजदीक संचालित शराब के ठेके को हटाने की मांग की गई है।

प्रिंसिपल संजय शर्मा ने कहा कि स्कूल के आसपास का वातावरण बच्चों की शिक्षा और संस्कारों के अनुरूप होना चाहिए। ऐसे में स्कूल के समीप शराब का ठेका होना अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन के लिए चिंता का विषय है।
सूत्रों के अनुसार, जिस भवन में शराब का ठेका संचालित हो रहा है, वह माई हीरा गेट क्षेत्र के एक बुक शॉप संचालक की बताई जा रही है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
अब सभी की निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं कि क्या इस शिकायत पर ठोस कार्रवाई होगी और स्कूल के पास से शराब का ठेका हटाया जाएगा, या मामला यूं ही लंबित रहेगा।
बड़ा सवाल
क्या शिक्षा मंत्री बच्चों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए कोई सख्त कदम उठाएंगे?
क्या प्रशासन बच्चों के हित में त्वरित कार्रवाई करेगा या शिकायत फाइलों तक ही सीमित रह जाएगी?




