जालंधर (गोपाल महेंद्रू) : नवरात्रों के पावन अवसर पर श्री गीता मंदिर, अर्बन एस्टेट फेस-1 में आयोजित आठ दिवसीय ‘हर शाम मां के नाम’ भजन संध्या के चौथे दिन श्रद्धालु माता रानी की भक्ति में सराबोर नजर आए। कार्यक्रम की शुरुआत संजीव दानी परिवार की ओर से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद गायक प्रतीक कपूर एंड पार्टी ने गणेश वंदना के साथ भजन संध्या का शुभारंभ किया।

भजन संध्या के दौरान गायक प्रतीक कपूर ने माता रानी की महिमा का गुणगान करते हुए एक से बढ़कर एक भेंटें प्रस्तुत कीं। उन्होंने ‘किन्नी देर होर माईए, किन्नी देर होर’, ‘तेरा बिछोड़ा दातिए साड्डे कोलों सहा नहीं जाए’, ‘मेरी अखियों के सामने ही रहना ओ शेरां वालिए’, ‘चलो बुलावा आया है, माता ने बुलाया है’, ‘तूने मुझे बुलाया शेरां वालिए, मैं आया मैं आया शेरां वालिए’, ‘आते हैं हर साल नवरात्रे माता के’, ‘तेरे भाग्य के चमकेंगे तारे’, ‘मेरी झोली छोटी पड़ गई रे, इतना दिया मेरी माता’ और ‘प्यारा सजा है तेरा दरबार भवानी’ जैसी भेंटों से माहौल भक्तिमय बना दिया।

माता रानी की भेंटों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे और जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा। पूरे आयोजन के दौरान भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर श्री गीता मंदिर, अर्बन एस्टेट फेस-1 के प्रधान राजेश अग्रवाल ने बताया कि मंदिर में आयोजित भजन संध्याओं की श्रृंखला के अंतर्गत 15 अक्टूबर को कुमार हरीश, 16 अक्टूबर को अशोक शर्मा एवं कुमार आशु शर्मा, 17 अक्टूबर को राजन चंचल तथा 18 अक्टूबर को संजय सांवरिया माता रानी की महिमा का गुणगान करेंगे।

उन्होंने बताया कि प्रतिदिन रात्रि 8 बजे से 10:30 बजे तक माता की चौकी आयोजित की जाएगी। प्रत्येक चौकी के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए लंगर प्रसाद की विशेष व्यवस्था भी की गई है, ताकि भक्तजन माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त करने के साथ प्रसाद ग्रहण कर सकें।

कार्यक्रम के अंत में मंदिर के प्रधान राजेश अग्रवाल ने गायक प्रतीक कपूर एंड पार्टी को माता रानी की चुनरी भेंट कर सम्मानित किया।

विज्ञापनIn-Article Ad · Responsive