जालंधर (गोपाल महेन्द्रू) : बरनाला में पुलिस अधिकारियों द्वारा दलित समाज के लोगों के साथ कथित अत्याचार की घटना को लेकर प्रदेशभर में रोष बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में वार्ड नं. 22 के पार्षद लव रॉबिन ने घटना पर गहरा दुख और नाराज़गी व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं किसी भी सभ्य समाज के लिए बेहद चिंताजनक हैं।

भावुक होते हुए पार्षद लव रॉबिन ने कहा कि यदि इस मामले में शामिल दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर कड़ी से कड़ी कार्रवाई नहीं की गई, तो दलित समाज अपने परिवारों की सुरक्षा और सम्मान की रक्षा के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर होगा। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी पुलिस की है, लेकिन यदि वही व्यवस्था लोगों के अधिकारों का हनन करने लगे तो जनता का भरोसा कमजोर होता है।
उन्होंने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कर दोषियों को कानून के अनुसार कड़ी सजा दी जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने कहा कि दलित समाज किसी भी प्रकार के अन्याय और अत्याचार को बर्दाश्त नहीं करेगा और न्याय मिलने तक लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करता रहेगा।
पार्षद लव रॉबिन ने कहा कि समाज के सम्मान और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी सामाजिक संगठनों और नागरिकों से शांति बनाए रखते हुए न्याय की लड़ाई में एकजुट रहने की अपील की।
उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार इस संवेदनशील मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषी अधिकारियों के खिलाफ जल्द प्रभावी कार्रवाई करेगी, जिससे पीड़ित परिवारों को न्याय मिल सके और समाज में विश्वास कायम रहे।




