जालंधर (गोपाल महेंद्रू) : पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले जालंधर नॉर्थ हलके में सियासी गतिविधियां तेज होती नजर आ रही हैं। आम आदमी पार्टी (AAP) की ओर से 17 सितंबर से हलके में अपना नया कार्यालय शुरू किया जा रहा है।

इंडस्ट्रियल एरिया में बाबा सोढल मंदिर के नजदीक सुबह 9:30 बजे नए कार्यालय का उद्घाटन किया जाएगा। पार्टी की ओर से इसे महज कार्यालय उद्घाटन कार्यक्रम के बजाय हलके में संगठनात्मक गतिविधियों और जनसंपर्क को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया जा रहा है।

मेयर वनीत धीर संभालेंगे कार्यालय की कमान

नए कार्यालय की कमान नगर निगम जालंधर के मेयर एवं जालंधर नॉर्थ हलके के इंचार्ज वनीत धीर के हाथों में रहेगी। पार्टी की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, कार्यालय के माध्यम से हलका निवासियों के साथ सीधा संपर्क स्थापित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

लोग सीधे रख सकेंगे अपनी समस्याएं

नए कार्यालय में हलका निवासी अपनी समस्याएं, सुझाव और स्थानीय मुद्दे सीधे पार्टी प्रतिनिधियों के समक्ष रख सकेंगे। संबंधित विभागों के साथ तालमेल स्थापित कर लोगों की समस्याओं के समाधान की दिशा में कार्रवाई करवाने पर भी जोर दिया जाएगा।

राजनीतिक तौर पर जालंधर नॉर्थ में इस नए कार्यालय को आम आदमी पार्टी की जमीनी स्तर पर संगठनात्मक सक्रियता और जनसंपर्क बढ़ाने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए हलके में विभिन्न राजनीतिक दलों की गतिविधियां आने वाले समय में और तेज होने की संभावना है।
विज्ञापनIn-Article Ad · Responsive