विधायक रमन अरोड़ा और प्रधान राजीव ग्रोवर सहित मंदिर के सेवादारों ने निभाई शगुन की रस्म, भजन-कीर्तन पर झूमे श्रद्धालु


अखंड समाचार (गोपाल महेन्द्रू), जालंधर। श्री कष्ट निवारण बालाजी मंदिर, शेखां बाजार में भगवान शालिग्राम जी एवं तुलसी मैया के पावन विवाह समारोह को लेकर धार्मिक रस्मों का शुभारंभ हो गया है। इसी कड़ी में मंदिर की ओर से अर्बन एस्टेट फेज-2 स्थित श्री राधा गोविंद धाम में शगुन की रस्म श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुई। इस दौरान विधायक रमन अरोड़ा, मंदिर के प्रधान राजीव ग्रोवर, मंदिर के सेवादारों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने धार्मिक कार्यक्रम में भाग लिया।
श्री कष्ट निवारण बालाजी मंदिर से शगुन लेकर पहुंचा वर पक्ष

श्री कष्ट निवारण बालाजी मंदिर की ओर से भगवान शालिग्राम जी का शगुन लेकर वर पक्ष ढोल-ताशों की थाप के बीच श्री राधा गोविंद धाम पहुंचा। इस दौरान श्रद्धालु भक्ति गीतों पर नाचते-झूमते नजर आए। पूरे वातावरण में धार्मिक उल्लास और उत्सव का माहौल देखने को मिला।
श्री राधा गोविंद धाम परिवार के सदस्यों ने वर पक्ष का प्रेम एवं श्रद्धाभाव से स्वागत किया। इसके बाद भगवान शालिग्राम जी को तिलक लगाकर शगुन की रस्म विधिवत रूप से अदा की गई। धार्मिक परंपराओं के अनुसार संपन्न हुई इस रस्म के दौरान भजन-कीर्तन से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
भजन गायक अशोक शर्मा और कुमार आशु ने बांधा समां

कार्यक्रम में प्रसिद्ध हास्य कलाकार संदीप जीत पटियाला एवं राहुल जीत ने विशेष रूप से शिरकत की और भगवान शालिग्राम जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं, प्रसिद्ध भजन गायक अशोक शर्मा एवं कुमार आशु ने अपनी मनमोहक भजन प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
भजनों की मधुर धुन पर दोनों पक्षों के सदस्यों और श्रद्धालुओं ने नाचते-झूमते हुए अपनी खुशी व्यक्त की। धार्मिक रस्मों और आरती के उपरांत विशाल भंडारे की व्यवस्था भी की गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
24 नवंबर को होगा शालिग्राम-तुलसी विवाह समारोह
विधायक रमन अरोड़ा एवं मंदिर के प्रधान राजीव ग्रोवर ने बताया कि 24 नवंबर को आयोजित होने वाले भगवान शालिग्राम जी एवं तुलसी मैया के विवाह समारोह को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस पावन अवसर पर मंदिर को भव्य रूप से सजाया जाएगा तथा विवाह की सभी रस्में धार्मिक परंपराओं के अनुसार संपन्न करवाई जाएंगी।
उन्होंने कहा कि भगवान शालिग्राम जी एवं तुलसी मैया का विवाह श्रद्धालुओं के लिए विशेष धार्मिक महत्व रखता है। इस आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में काफी उत्साह है और कार्यक्रम को भव्य एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।
मेहंदी, महिला संगीत और चुनरी की रस्में भी होंगी
श्री राधा गोविंद धाम के अशोक शर्मा ने बताया कि भगवान शालिग्राम जी एवं तुलसी मैया के विवाह की तैयारियों का शुभारंभ शगुन की रस्म के साथ हो गया है। आने वाले दिनों में वर पक्ष की ओर से तुलसी मैया को विवाह की चुनरी भेंट करने और मेहंदी की रस्म निभाने के लिए श्री कष्ट निवारण बालाजी मंदिर, शेखां बाजार पहुंचा जाएगा।
इसके बाद श्री राधा गोविंद धाम में महिला संगीत और मेहंदी के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन धार्मिक एवं पारंपरिक कार्यक्रमों में श्रद्धालु बढ़-चढ़कर भाग लेंगे। आयोजकों के अनुसार, विवाह से जुड़ी सभी रस्मों को पारंपरिक रीति-रिवाजों और श्रद्धा के साथ संपन्न करवाया जाएगा।
भव्य रथ में सवार होकर बारात सहित पहुंचेंगे भगवान शालिग्राम जी

अशोक शर्मा ने बताया कि 24 नवंबर को भगवान शालिग्राम जी भव्य रथ में विराजमान होकर बारातियों के साथ धूमधाम से श्री कष्ट निवारण बालाजी मंदिर, शेखां बाजार पहुंचेंगे। यहां विवाह की धार्मिक रस्में और आरती संपन्न होंगी। इस पावन आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
श्री कष्ट निवारण बालाजी मंदिर में शालिग्राम-तुलसी विवाह को लेकर शुरू हुई रस्मों से श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। शगुन समारोह के साथ विवाह उत्सव की धार्मिक गतिविधियां शुरू हो चुकी हैं और आगामी कार्यक्रमों को लेकर तैयारियां जारी हैं।

ये गणमान्य रहे उपस्थित

इस अवसर पर श्री राधा गोविंद धाम की ओर से शाम अग्रवाल, गगनदीप, कमल अग्रवाल, श्रीराम आनंद, राजिंदर अरोड़ा, सुनील जुल्का, दविंदर धवन, नवीन धवन, अशोक महेंद्रू, उदय खुराना, कुणाल मोहिंदरू, राजीव बेरी, आर.के. धवन, आर.के. सलवान, तनु बेरी, संयम अरोड़ा, उद्भव, योगीश, अमित कुमार, संजीव बब्बर, अंकित वर्मा, शिव वर्मा, पंकज मल्होत्रा, मीना शर्मा, शिप्रा शर्मा, एकता विशिष्ट, सुनीता अग्रवाल, पूजा धवन, सुनीता शर्मा, सुरेश विशिष्ट, सीमा गोगना, अंजलि अग्निहोत्री, सुदेश आनंद, कीर्ति वर्मा, रीमा अरोड़ा, गोपिका वर्मा, सविता बेरी, साक्षी, बबीता जुल्का, रेनू महेंद्रू, चाहत, बिंदिया शर्मा, प्रियांशी धवन, सपना अग्निहोत्री, भाविका और मनस्वी सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।




