जालंधर (गोपाल महेन्द्रू) : 15 अगस्त को स्थानीय गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम में मनाए जाने वाले 80वें आजादी दिवस के जिला स्तरीय समारोह की तैयारियों को लेकर डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया ने आज स्टेडियम में पहुंचकर प्रबंधों का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस एवं सिविल प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर समारोह से संबंधित तैयारियों की समीक्षा की और सभी विभागों को अपनी जिम्मेदारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि समारोह में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, प्रवेश, पार्किंग और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध पहले से सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने स्टेडियम और प्रमुख चौराहों की सफाई एवं सजावट, बैठने की व्यवस्था, पीने के पानी, निर्बाध बिजली आपूर्ति, फायर ब्रिगेड, मेडिकल टीमों और एंबुलेंस की तैनाती सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय समारोह के दौरान विभिन्न टुकड़ियों द्वारा मार्च पास्ट किया जाएगा। विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थी मास पी.टी. शो के साथ-साथ देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।
समारोह के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों के परिवारों के अलावा विभिन्न विभागों में शानदार सेवाएं देने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा विभिन्न क्षेत्रों में विशेष उपलब्धियां हासिल करने वाली शख्सियतों को सम्मानित किया जाएगा।
13 अगस्त को होगी फुल ड्रेस रिहर्सल
डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल 13 अगस्त को गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम में आयोजित की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रिहर्सल के दौरान भी सभी व्यवस्थाओं को पूरी गंभीरता से सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय महत्व के इस समारोह को देशभक्ति के जज्बे और उत्साह के साथ मनाने के लिए सभी अधिकारी अपनी ड्यूटी पूरी तनदेही, शिद्दत और समर्पण की भावना से निभाएं। उन्होंने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर आपसी तालमेल पर भी जोर दिया, ताकि समारोह के प्रबंधों में किसी प्रकार की कमी न रहे।
इस दौरान डिप्टी कमिश्नर ने विभिन्न स्कूलों एवं कॉलेजों के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले देशभक्ति से भरपूर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) अमनिंदर कौर, एस.डी.एम. शुभी आंगरा एवं शायरी मल्होत्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।






